
रुद्रपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विकास भवन के पास स्थित ईवीएम/वीवीपीएटी वेयरहाउस में 5 अक्टूबर 2026 से प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। जारी आदेश में प्रथम स्तरीय जाँच के दौरान आने वाले राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों,अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वेयर हाऊस के गेट पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर स्थापित किया जाएगा तथा वेयर हाऊस में 24×7 सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी और सुचारू संचालन के लिए अपर जिला अधिकारी को सुपरवाइजर बनाया गया है,जबकि विभिन्न कार्यों के लिए तहसीलदार,स्वास्थ्य विभाग,अग्निशमन अधिकारी और अन्य नोडल अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।एफएलसी हॉल में केवल अधिकृत इंजीनियरों को ही मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी,बाकी सभी के लिए मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। वेयरहाउस क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, चिकित्सा दल और वीडियोग्राफी जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।



