
विधायक बोले—प्रभु श्रीराम की बारात के स्वागत का अवसर मिलना मेरे लिए भावुक और गौरव का क्षण, जनकपुरी की तर्ज पर सजाया जाएगा आवास, बड़ी संख्या मे शामिल होंगे समाज के हर वर्ग के लोग
रुद्रपुर। प्रभु श्रीराम की भव्य दिव्य बारात के स्वागत को लेकर रुद्रपुर में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को प्रभु श्रीराम की भव्य दिव्य बारात बस स्टैंड स्थित रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर पांच मंदिर होते हुए उनके निज आवास सी-22, एलाइंस कॉलोनी पहुंचेगी। शाम पांच बजे बारात के विधायक आवास पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा, जहां भक्तिमय वातावरण में श्रीराम-सीता विवाह समारोह संपन्न होगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रभु श्रीराम की बारात के स्वागत का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत भावुक और गौरव का क्षण है। प्रभु श्रीराम की कृपा से एक बार फिर उन्हें इस पावन आयोजन में सहभागी बनने और बारात के स्वागत का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह इस आयोजन में घराती बनकर प्रभु श्रीराम की बारात का स्वागत करेंगे। यह उनके लिए केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के प्रति आस्था, श्रद्धा और समर्पण व्यक्त करने का विशेष अवसर है।
विधायक ने बताया कि उनके आवास को जनकपुरी की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया जाएगा। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होकर प्रभु श्रीराम की बारात का स्वागत करेंगे। पूरे आयोजन को धार्मिक परंपराओं और भक्तिमय उल्लास के साथ संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।
शिव अरोरा ने बताया कि 11 अक्टूबर को शाम पांच बजे राम बारात उनके निज आवास पर पहुंचेगी। बारात के स्वागत के बाद भक्तिमय गीत-संगीत के बीच श्रीराम-सीता विवाह की रस्में संपन्न होंगी। इसके पश्चात माता सीता की विदाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट करने और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वर्ष 2021 में भी उन्हें प्रभु श्रीराम की बारात के स्वागत का अवसर प्राप्त हुआ था। अब एक बार फिर प्रभु श्रीराम की कृपा से यह सौभाग्य मिलने पर वह स्वयं को धन्य मानते हैं। उन्होंने इस धार्मिक आयोजन के लिए रुद्रपुर रामलीला कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कमेटी द्वारा रामलीला और उससे जुड़ी परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के लिए भोजन की उचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्रत के भोजन का अलग से प्रबंध भी किया जाएगा, ताकि सभी लोग सहजता से इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।
प्रेस वार्ता के माध्यम से विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर के समस्त नागरिकों, धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रभु श्रीराम की भव्य दिव्य बारात के स्वागत समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और श्रीराम-सीता विवाह के पावन एवं भक्तिमय क्षणों के साक्षी बनें। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और संस्कार भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस दौरान दर्जामंत्री सुरेश कोली, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, पंजाबी महासभा कुमाऊ अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, पूर्व मंडी चेयरमेन के के दास, बंगाली महासभा अध्यक्ष के के दास, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, राजेश कामरा आदि लोग मौजूद रहे।


