डिबडिबा में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी, बाइक सवार तीन हमलावरों ने युवक को मारी गोली, मौत

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/बिलासपुर। उत्तराखंड सीमा से सटे ग्राम डिबडिबा, बिलासपुर में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन हमलावरों ने बाजार में 26 वर्षीय युवक सन्नी ठाकुर पर कथित रूप से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सन्नी को उपचार के लिए बिलासपुर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डिबडिबा निवासी सन्नी ठाकुर सुबह घर से पैदल दूध लेने निकला था। बताया जा रहा है कि वह बाजार में शराब की दुकान के पास पहुंचा ही था कि बाइक सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सन्नी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े बाजार में गोलियां चलने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से जानकारी जुटाई तथा मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों के मुताबिक, बीती होली के दौरान सन्नी का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों के अनुसार, सन्नी विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसके माता-पिता एक मिल में पल्लेदारी का काम करते हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।