
रुद्रपुर। श्री पंचमुखी हनुमान बालाजी मंदिर, गल्ला मंडी में पावन रामायण पाठ का विधिवत शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। मंदिर परिसर में भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर प्रभु श्रीराम के नाम का गुणगान करते नजर आए। संपूर्ण वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर भाजपा नेता एडवोकेट प्रमोद मित्तल भी परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचे और श्रद्धा भाव से प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन नजर आए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गुलशन नारंग, गगन वाधवा, मनोज अरोड़ा, सर्वेश मौर्य, अक्ष नारंग, संजय गर्ग, राकेश अग्रवाल, कुंज बिहारी श्रीवास्तव, मनीष शर्मा, पवन अग्रवाल, शिवांश अग्रवाल, देशराज तागरा, अंजू सक्सेना, सीमा फुटेला, शिवांगी गर्ग, अजय फुटेला, अशोक सक्सेना, सूरज सचदेवा, अन्नू अरोड़ा, आरती सचदेवा एवं रितु वाधवा,एडवोकेट दीपिका मित्तल, एडवोकेट पूजा मित्तल, निखिल चंडोक एवं करन चंडोक सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रभु श्रीराम के भजनों एवं चौपाइयों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
पूजा-अर्चना एवं रामायण पाठ का संचालन मंदिर के पुजारी श्री सुरेंद्र पाल शर्मा द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। उन्होंने श्रद्धालुओं को रामायण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला महान आदर्श ग्रंथ है, जो हमें मर्यादा, कर्तव्य और धर्म का मार्ग दिखाता है।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्ति रस में सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने भजनों, कीर्तन और रामायण पाठ के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। आयोजन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे सभी ने प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देता नजर आया। ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



