
रुद्रपुर। आगामी 9 मई को रुद्रपुर सहित जनपद के सभी ब्लॉकों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र कुमार सागर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह लोक अदालत सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला न्यायालय रुद्रपुर के साथ-साथ काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज और किच्छा के दीवानी न्यायालयों में आयोजित होगी।
इस लोक अदालत में भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत व जल कर बिल, एनआई एक्ट, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, भूमि अधिग्रहण सहित विभिन्न मामलों का निस्तारण किया जाएगा। हालांकि तलाक से जुड़े वैवाहिक मामलों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि जो भी व्यक्ति अपने मामलों का त्वरित निस्तारण चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में कार्य दिवस के दौरान स्वयं या अधिवक्ता के माध्यम से आवेदन कर अपने वादों को लोक अदालत के लिए सूचीबद्ध करा सकते हैं।


