रुद्रपुर में 21 जून को होगी NEET-2026 परीक्षा, 5 केंद्रों पर 2528 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सुरक्षा, जैमर, सीसीटीवी और पारदर्शिता पर विशेष जोर

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। आगामी 21 जून (रविवार) को जनपद में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक नीट-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2528 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

जिला सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभ्यर्थियों का निर्धारित समय पर प्रवेश सुनिश्चित किया जाए तथा प्रश्नपत्रों को सीसीटीवी निगरानी में सुरक्षित रखा एवं खोला जाए।

जनपद में प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के नया एवं पुराना भवन, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर तथा पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएन झा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

एडीएम ने सभी केंद्रों पर जैमर की कार्यशीलता की पूर्व जांच कराने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों से भी अपील की कि वे परीक्षा केंद्र पर मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर न आएं।

उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों को परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर विद्युत, पेयजल, एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य कंचन जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि संबंधित उप जिलाधिकारी एवं केंद्र प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।