
रुद्रपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने गुरुवार को निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों, बीएलओ और निर्वाचन अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी भरे हुए प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 7 जुलाई तक पूरा किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची के मसौदे का प्रकाशन 14 जुलाई को होगा। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 14 जुलाई से 11 सितंबर तक दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर सूची को अधिक विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान किसी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपने कार्यकर्ताओं एवं बीएलए के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करने तथा बीएलओ को सहयोग देने की अपील की। साथ ही सभी उप जिलाधिकारियों को एसआईआर कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और सप्ताह में एक बार राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।



