किच्छा-सिरौलीकलां निकाय चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का पहरा, SSP अजय गणपति ने संभाली सुरक्षा की कमान

खबरें शेयर करें

ऊधमसिंहनगर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में मतदान केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती की गई है।

SSP अजय गणपति ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मतदान केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार गश्त और सघन चेकिंग की जा रही है। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की 24 घंटे निगरानी जारी है। पुलिस द्वारा अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में व्यवधान डालने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ऊधमसिंहनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।