
जसपुर। विकास खंड कार्यालय जसपुर में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के सफल पाँच वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार, किच्छा में एम्स, रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, गदरपुर बाईपास और बस अड्डे सहित कई विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
रोहेला ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे आम जनता तक पहुँच रहा है और मुख्यमंत्री प्रदेश को अपना परिवार मानकर सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह एवं मुकेश कुमार ने भी मुख्यमंत्री को पाँच वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएँ देते हुए सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

शिविर में उद्योग, कृषि, मत्स्य, श्रम, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, गन्ना विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने तीन पशुपालकों को दवाइयाँ वितरित कीं, उद्यान विभाग ने एक किसान को कीटनाशक उपलब्ध कराया, महिला एवं बाल विकास विभाग ने चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की। स्वास्थ्य एवं होम्योपैथिक विभाग ने कुल 96 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कीं। समाज कल्याण विभाग ने एक यूडीआईडी कार्ड बनाया, 22 वृद्धावस्था पेंशन संबंधी आवेदन प्राप्त किए तथा 20 आधार कार्ड भी बनाए गए।
शिविर के दौरान कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का निरीक्षण कर खरीदारी भी की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



