फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, SSP अजय गणपति ने गठित कीं 3 विशेष सत्यापन टीमें

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति के निर्देश पर फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जांच के लिए जनपद स्तर पर तीन विशेष सत्यापन टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य जनपदों और राज्यों से जारी किए गए संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों का भी गहन सत्यापन करेंगी।

पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करना, शस्त्रों के दुरुपयोग पर रोक लगाना तथा जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।

अब तक जनपद में फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े 02 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें काशीपुर पुलिस द्वारा 09 तथा कुण्डा पुलिस द्वारा 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाने, रखने या उनका इस्तेमाल करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रत्येक संदिग्ध लाइसेंस की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।