
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर 24 अक्टूबर को पुलिस, यातायात पुलिस, एआरटीओ और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम ने दुर्घटना प्रभावित और दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्ट्रीट लाइट लगाने, अनाधिकृत कट बंद करने, तिराहों-चौराहों के आसपास रंबल स्ट्रिप लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जैसे कदम शामिल हैं।
सुबह 7 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध
रुद्रपुर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए चार प्रमुख मार्गों से भारी वाहनों के आवागमन पर सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक आंशिक प्रतिबंध रहेगा। वहीं, शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक इन मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रतिबंधित मार्गों में सिडकुल चौक, राधा स्वामी सत्संग, रामपुर बॉर्डर और काशीपुर रोड स्थित एमेनिटी स्कूल से रुद्रपुर शहर की ओर आने वाले मार्ग शामिल हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, नगर क्षेत्र में स्थित कंपनियों के पासधारक वाहनों को संबंधित नियमों के तहत अनुमति दी जाएगी।
सड़क सुरक्षा के लिए होंगे ये प्रमुख उपाय
* दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।
* सभी अनाधिकृत कट बंद किए जाएंगे।
* तिराहों, चौराहों और कटों के पास पीली पट्टीदार रंबल स्ट्रिप लगाई जाएंगी।
* गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होगी।
* दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
* मुख्य मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने के लिए नगर निगम की मोबाइल टीम गठित की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा के उपाय लागू करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और भारी वाहनों से संबंधित प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है।


