गदरपुर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ छापेमारी, 113 किलो प्लास्टिक जब्त; ₹15 हजार जुर्माना

खबरें शेयर करें

गदरपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के अनुपालन में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 16 सितंबर को तहसील गदरपुर क्षेत्र में प्रशासन एवं नगर निकाय की टीम ने छापेमारी और निरीक्षण की कार्रवाई की।

वार्ड नंबर-6, आवास विकास गदरपुर स्थित एक गोदाम में सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई। गोदाम श्री सोनू तनेजा का बताया गया। टीम ने मौके से करीब 1 क्विंटल 13 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त करते हुए संबंधित के विरुद्ध 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी गदरपुर श्रीमती अमृता शर्मा की अध्यक्षता में तहसीलदार श्रीमती लीना चंद्रा धामी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गदरपुर श्री कैलाश सिंह पटवाल के सहयोग से की गई।

अभियान के दौरान एक अन्य दुकान का भी निरीक्षण किया गया, जहां कोई प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री नहीं मिली। वहीं दिनेशपुर में नगर पंचायत की टीम ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त कर 7,500 रुपये का जुर्माना लगाया। गुलरभोज में भी प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर दुकानदारों से 400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।