जीभ काटकर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी को रम्पुरा चौकी पुलिस ने किया गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जानलेवा हमले के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला कर उसकी जीभ काटने की घटना में फरार चल रहे आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को रम्पुरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर राजू पुत्र जागन, जितेन्द्र पुत्र जागन, जितेन्द्र पुत्र बादाम सिंह, सचिन पुत्र कुंवरपाल तथा जीत पुत्र जगदीश निवासी रम्पुरा ने राज कोली पुत्र स्वर्गीय वीरपाल पर जानलेवा हमला कर दिया था। हमले के दौरान आरोपियों ने अत्यधिक क्रूरता का परिचय देते हुए राज कोली की जीभ काट दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, जबकि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। फरार आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।
लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी जितेन्द्र पुत्र जागन लाल रम्पुरा क्षेत्र में मौजूद है और फरार होने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र पुत्र जागन लाल, वार्ड संख्या 24 रम्पुरा, कोतवाली रुद्रपुर का निवासी है और उसकी उम्र लगभग 32 वर्ष बताई गई है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है। गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल जोशी, चौकी प्रभारी पंकज कुमार, उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल विजय दरमाल, मोहन खाती, रघुनाथ, जगदीश पाठक एवं पूरन सिंह शामिल रहे।