ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 वाहन चोर गिरफ्तार, 11 चोरी की बाइक बरामद, सीसीटीवी, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से हुआ बड़ा खुलासा

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैम्प एवं कोतवाली खटीमा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों एवं वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार जांच की, जिसके बाद यह बड़ी सफलता हाथ लगी।

कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस को 2 जून को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गणेशपुर रोड स्थित खंडहर के पास चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर सचिन पाल, अरुण और आशीष श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने कई वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों और सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहन ट्रांजिट कैम्प और पंतनगर क्षेत्र में दर्ज विभिन्न मुकदमों से संबंधित पाए गए।

वहीं खटीमा पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान फरमान फरीदी उर्फ फुकना को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर कई बाइक बरामद की गईं। बाद में पुलिस ने उसके साथी पवन धामी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाजारों, दुकानों, कॉलोनियों, जिम और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहनों के लॉक तोड़कर चोरी कर लेते और बाद में उन्हें झाड़ियों या सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे। इसके बाद वाहनों को कम कीमत पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।