75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म व मारपीट के आरोपी को जसपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

जसपुर। कोतवाली जसपुर क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्परता से जांच करते हुए मामले का खुलासा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 को वादी द्वारा कोतवाली जसपुर में तहरीर देकर बताया गया कि 23 मई की शाम उनकी भाभी रोज की तरह जानवर चराने गई थीं। इसी दौरान एक सफेद दाढ़ी वाले व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट करते हुए गलत काम करने का प्रयास किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक जसपुर को मुकदमा दर्ज कर शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली जसपुर में एफआईआर संख्या 196/2026 दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जसपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सुरागरसी-पतारसी शुरू की। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक रूचिका चौहान को सौंपी गई।
पूछताछ के दौरान पीड़िता ने अपने साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि की, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। विस्तृत पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर पीड़िता ने आरोपी की पहचान कक्का सिंह उर्फ भजन सिंह पुत्र कपूर सिंह निवासी गोरा फार्म हल्दुवा शाहू थाना कुण्डा के रूप में की।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 26 मई 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में हल्द्वानी उपकारागार भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।