
रुद्रपुर। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भारत मौसम विज्ञान विभाग और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा जारी भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तीव्र वर्षा की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, संचार व्यवस्था सुचारू रखने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को नालियों व कलवर्टों की तत्काल सफाई कर जलभराव की समस्या रोकने, बाढ़ नियंत्रण कक्षों को 24×7 संचालित रखने तथा मोटर मार्गों को बाधित होने पर तुरंत खुलवाने के निर्देश दिए। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने, मोबाइल फोन लगातार चालू रखने तथा किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को तत्काल सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।



