
रुद्रपुर। 66 रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में एक नागरिक के एक से अधिक स्थानों पर मतदाता सूची में नाम दर्ज होने और SIR प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर फर्जी एवं कूटरचित आपत्तियां दर्ज किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर दोनों मामलों में जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ठुकराल ने पत्र में कहा कि SIR के तहत पूर्व में अन्य नगरों, ग्रामीण क्षेत्रों, जनपदों अथवा राज्यों में मैपिंग हो चुके मतदाताओं के नाम यदि दोबारा रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज किए जा रहे हैं, तो ऐसे मामलों की गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने एक व्यक्ति का एक ही स्थान पर मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की।
पूर्व विधायक ने SIR आवेदन में दी जाने वाली जानकारी की सत्यता का हवाला देते हुए कहा कि गलत अथवा मिथ्या जानकारी दिए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
इसके साथ ही उन्होंने SIR के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज किए जाने पर भी सवाल उठाए। पत्र में दावा किया गया कि एक आपत्तिकर्ता कार्तिक गीक द्वारा 125 आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जबकि अन्य कुछ आपत्तिकर्ताओं द्वारा भी निर्धारित संख्या से अधिक आपत्तियां लगाए जाने का आरोप है। ठुकराल ने कहा कि इन आपत्तियों के साथ कथित तौर पर कोई पर्याप्त साक्ष्य या प्रमाण संलग्न नहीं किया गया।
ठुकराल ने जिला प्रशासन से मांग की कि संबंधित आपत्तिकर्ताओं को बुलाकर उनसे आपत्तियों के आधार और प्रमाण प्राप्त किए जाएं। यदि जांच में आपत्तियां फर्जी, मनगढ़ंत अथवा जानबूझकर गलत पाई जाती हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अपने पूर्व में भेजे गए 6 और 7 अगस्त के पत्रों का भी संज्ञान लेने का आग्रह किया। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ आपत्तियां राजनीतिक उद्देश्य से कूटरचित तरीके से दर्ज कराकर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। ठुकराल ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर SIR प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की है।



