
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के “नशा मुक्त देवभूमि उत्तराखंड” संकल्प को धरातल पर उतारते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 10 लाख रुपये कीमत की 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। रेलवे फाटक के आगे सैनिक फार्म मार्ग पर चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमित सिंह चमयाल (जनपद चम्पावत) और योगेश लमगड़िया (जनपद नैनीताल) शामिल हैं। तलाशी के दौरान सुमित के पास से 1 किलो 43 ग्राम तथा योगेश के पास से 107 ग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद चरस चम्पावत जिले के केदारनाथ क्षेत्र निवासी एक सप्लायर से लाई गई थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्य बिंदु
🔹 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस बरामद
🔹 अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये
🔹 02 नशा तस्कर गिरफ्तार
🔹 02 मोबाइल फोन और 01 मोटरसाइकिल जब्त
🔹 सप्लायर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
🔹 ऑपरेशन प्रहार के तहत एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
“नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस: एसएसपी अजय गणपति की अगुवाई में ऊधमसिंहनगर पुलिस का लगातार प्रहार जारी।”



