एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश: त्योहारों, अपराध नियंत्रण और मानसून आपदा प्रबंधन को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं तथा आगामी त्योहारों और मानसून आपदा प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और पुलिस मुख्यालय के अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, अफवाह फैलाने वालों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मानसून सत्र को देखते हुए सभी आपदा राहत उपकरणों को पूर्ण रूप से तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सक्रिय अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, नशा तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई तथा ‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ऑपरेशन लगाम’ के शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश भी दिए गए। साथ ही किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाने पर बल दिया गया।

महिला सुरक्षा, जनसंवाद और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए। समीक्षा बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।