सिरौली कला को पालिका बनाने के लिए भरी हुंकार

खबरें शेयर करें

किच्छा। सिरौली कला को पृथक नगर पालिका बनाए जाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। किच्छा, सिरौली और दरऊ के सैकड़ों लोगों ने नवीन मंडी स्थल से एक विशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और सरकार से सिरौली को अलग नगर पालिका का दर्जा देने की मांग उठाई। सुबह निर्धारित समय पर भारी संख्या में लोग मंडी स्थल पर एकत्रित हुए, जहाँ आयोजित एक सभा में वक्ताओं ने सिरौली के अलग नगर पालिका बनने से होने वाले विकास और इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद जुलूस मुख्य बाजार होते हुए उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचा, जहाँ एसडीएम के माध्यम से शासन को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में मुख्य रूप से मांग की गई कि सिरौली कला के संबंध में न्यायालय में चल रहे गतिरोध को तत्काल समाप्त कराया जाए और किच्छा नगर पालिका के चुनाव संपन्न कराए जाएं। साथ ही सिरौली कला को नई नगर पालिका के रूप में अस्तित्व में लाया जाए। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता के कारण ही किच्छा का विकास रुक गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि इस क्षेत्र का उत्थान हो, इसलिए उन्होंने ही माननीय न्यायालय में याचिका डालकर सिरौली को नगर पालिका बनने से रोकने का कुत्सित प्रयास किया है। राजेश शुक्ला ने कड़े शब्दों में कहा कि वह कांग्रेस की इस साजिश को सफल नहीं होने देंगे और सिरौली कला को अलग नगर पालिका बनवाकर ही दम लेंगे। उन्होंने चुनौतीपूर्ण लहजे में कहा कि किसी में साहस हो तो वह सिरौली को नगर पालिका बनने से रोक कर दिखाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस समय सिरौली को पृथक नगर पािलका बनाना क्षेत्र की सबसे बड़ी मांग है ताकि वहां का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से इस हक की लड़ाई के लिए एकजुट रहने का आ“वान किया। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।