रम्पुरा में चाऊमीन के विवाद में चली गोली, 3 गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग और पथराव करने वाले तीनों आरोपी पुलिस गिरफ्त में; तमंचा और 2 नाजायज चाकू बरामद
रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र में चाऊमीन को लेकर हुए मामूली विवाद ने उस वक्त बड़ा बवाल खड़ा कर दिया, जब तीन युवकों ने ठेले संचालक पर हमला करते हुए फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 की देर शाम चौकी रम्पुरा को सूचना मिली कि वार्ड नंबर 22 स्थित चाऊमीन विक्रेता सोमवीर के ठेले पर संजय कोली, कमल कोली और अमन पांडे ने हमला कर फायरिंग की है। आरोपियों ने दुकान पर पथराव भी किया और मौके से फरार हो गए।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने कई टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 12 मई को एफएसएल रोड के पास झाड़ियों से संजय कोली और कमल कोली को गिरफ्तार कर लिया। संजय के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और दो खोखा कारतूस, जबकि कमल के पास से एक नाजायज चाकू बरामद हुआ।
वहीं तीसरे आरोपी अमन पांडे को 13 मई को ब्लॉक रोड से गिरफ्तार किया गया, जो रामपुर भागने की फिराक में था। उसके कब्जे से भी एक नाजायज चाकू बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में संजय कोली और अमन पांडे पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी:
01 अवैध तमंचा 315 बोर
02 फायर किए हुए खोखा कारतूस
02 नाजायज चाकू
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, एसआई अनिल जोशी, एसआई पंकज कुमार, एसआई धीरज टम्टा समेत रम्पुरा चौकी और कोतवाली रुद्रपुर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।