
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद विकास और जनकल्याण की नई मिसाल बनकर उभरा है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि बीते वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं के माध्यम से जनपद के लाखों नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 10.78 लाख से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 10.74 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 10 हजार से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से लगभग 1.95 लाख घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है।
कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 97 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं, जबकि मुद्रा योजना के तहत 92 हजार से अधिक लोगों को रोजगार और उद्यमिता के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को भी व्यापक लाभ मिला है।
डीएम ने बताया कि जनजातीय कल्याण के लिए संचालित पीएम-जनमन अभियान में ऊधम सिंह नगर को देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो जनपद के लिए गौरव की बात है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण किया जा चुका है, जबकि लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है।
बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति देते हुए पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना के लिए 524.78 एकड़ भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है। वहीं रुद्रपुर रिंग रोड, काशीपुर बाईपास, गदरपुर बाईपास और खटीमा बाईपास जैसी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं क्षेत्रीय संपर्कता को मजबूत कर रही हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निर्माण किया गया है, जबकि औद्योगिक विकास के तहत खुरपिया-किच्छा क्षेत्र में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। इस परियोजना से भविष्य में करीब 75 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है।
इसके अलावा सितारगंज में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क और काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसी परियोजनाएं भी निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर में विकास और जनकल्याण की जो नई गाथा लिखी गई है, वह विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले वर्षों में भी जनपद विकास के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।



