घर में करंट लगने से महिला की दर्दनाक मौत, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने परिजनों को बंधाया ढांढस

खबरें शेयर करें

रूद्रपुर। घर में विद्युत करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गंभीर हालत में परिजन महिला को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
जानकारी के अनुसार महतोष निवासी गीता, पत्नी विशाल, घर पर किसी कार्य के दौरान अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगते ही महिला की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन घबराहट में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना क्षेत्र में फैलते ही लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
ठुकराल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और प्रशासन से वार्ता कर पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।