
रुद्रपुर। डॉ. एस.के. गोस्वामी ने ऊधम सिंह नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वे जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। हाल ही में वे चम्पावत जनपद में तैनात थे।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. गोस्वामी ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी लाभार्थी को विभागीय कार्यप्रणाली के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नए सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और आमजन को बेहतर एवं सहज स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा।


