
रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर। जनपद ऊधमसिंहनगर के कुण्डा कोतवाली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रभावी चेकिंग अभियान संचालित करने में लापरवाही बरतने के मामले में एसएसपी ने दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को कोतवाली कुण्डा क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए थे, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी चेकिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लापरवाही के मामले में कार्रवाई की।
एसएसपी द्वारा जारी आदेश के तहत उपनिरीक्षक सौरभ भारती, प्रभारी चौकी शिवराजपुर पट्टी और उपनिरीक्षक मनोज देव, प्रभारी चौकी मंडी, को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन और चेकिंग व्यवस्था में जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के प्रति सख्त रुख का संकेत दिया है।
एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


