ऑरेंज अलर्ट के चलते ऊधम सिंह नगर में कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 20 जुलाई 2026 को जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन जनपद ऊधम सिंह नगर के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार, 20 जुलाई 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और बरसाती जलधाराओं का जलस्तर बढ़ने तथा आपदा की स्थिति बनने की आशंका है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने सभी तहसीलदारों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।