256 लोग बोले Thank you nainital पुलिस, 56 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

खबरें शेयर करें
हल्द्वानी। गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर गुरुवार को 256 लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई। नैनीताल पुलिस की साइबर सेल और मोबाइल ऐप टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 56.25 लाख रुपये मूल्य के 256 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि अप्रैल 2026 से 24 जून 2026 के बीच मोबाइल ऐप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए यह रिकवरी की गई है।
उन्होंने बताया कि एसआई मीनू गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने गुमशुदा मोबाइलों के आईएमईआई नंबरों को सीईआईआर पोर्टल पर ट्रैक किया। जांच के दौरान मोबाइल फोन विभिन्न राज्यों में सक्रिय पाए गए। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से 256 मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइलों में चार आईफोन भी शामिल हैं। आमतौर पर आईफोन खो जाने के बाद उन्हें ट्रेस करना बेहद कठिन माना जाता है, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।
एसएसपी ने सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने मोबाइल रिकवरी टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की भी घोषणा की।
मोबाइल रिकवरी टीम में एसआई मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर एवं कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति शामिल रहे।