किच्छा हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; नेपाल भागने की फिराक में थे बदमाश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने किच्छा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने धाधा फार्म क्षेत्र से उन्हें दबोच लिया।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक विक्रांत और आरोपियों के बीच सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद और आपसी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।

घटना 25 जून को किच्छा थाना क्षेत्र के महराया लालपुर रोड पर हुई थी, जहां 6-7 लोगों ने विक्रांत पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल विक्रांत को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों से होते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मुकदमे में हत्या की धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वरुण कुमार (21) निवासी रामेश्वरपुर, किच्छा तथा सुशील (24) निवासी शिमला पिस्तौर, रुद्रपुर के रूप में हुई है। वहीं मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर फिलहाल घायल अवस्था में उपचाराधीन है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और उनके आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।