मुहर्रम को लेकर रुद्रपुर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, 26 जून को सुबह 11 बजे से रहेगा रूट डायवर्जन

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए हैं। इसके तहत 26 जून 2026 को रुद्रपुर शहर में निकलने वाले मुहर्रम जुलूस के दौरान प्रातः 11:00 बजे से जुलूस समाप्ति तक विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, काशीपुर, हरिद्वार, सितारगंज, खटीमा, किच्छा, हल्द्वानी और नैनीताल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को विभिन्न फ्लाईओवर एवं पार्ले चौक से रिंग रोड के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम किया जा सके।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान स्थानीय नागरिकों के वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार अस्थायी रूप से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा सकता है।

इसके अलावा रुद्रपुर शहर में 26 जून को सुबह 7:00 बजे से रात 11:00 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उधमसिंहनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले डायवर्जन प्लान की जानकारी अवश्य लें, रिंग रोड का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।