SSP अजय गणपति ने किया ‘चौकी संजय वन’ का शुभारंभ, पंतनगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/पंतनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोतवाली पंतनगर क्षेत्रांतर्गत नवस्थापित ‘चौकी संजय वन’ का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। चौकी का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ के बीच फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस “सुरक्षा, सेवा और विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चौकी संजय वन की स्थापना से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और अधिक प्रभावी होगी तथा आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

उन्होंने बताया कि नई चौकी के संचालन से स्थानीय नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता मिलने के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्रवासियों की शिकायतों और समस्याओं का शीघ्र निस्तारण भी सुनिश्चित होगा।

उद्घाटन समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रवासी एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे। नई चौकी के शुरू होने से पंतनगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।