कल 11 बजे सावधान! उत्तराखंड में बजेगा भूकम्प चेतावनी सायरन, मोबाइल पर भी आएगा अलर्ट

खबरें शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली की कार्यप्रणाली जांचने और आमजन को सायरन की आवाज से परिचित कराने के लिए कल 9 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे राज्यभर में भूकम्प चेतावनी सायरन का परीक्षण किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सायरन किसी वास्तविक भूकम्प की चेतावनी नहीं होगा, बल्कि पूर्व निर्धारित परीक्षण का हिस्सा है।
राज्य में वर्तमान में भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं। परीक्षण के दौरान इनकी कार्यप्रणाली जांची जाएगी और तकनीकी खामियां मिलने पर उन्हें तत्काल दूर किया जाएगा।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य में चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। भविष्य में सेंसर और सायरन की संख्या बढ़ाने तथा करीब 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर इन्हें स्थापित करने की योजना है।
📱 भूदेव ऐप पर भी मिलेगा टेस्ट अलर्ट
सायरन परीक्षण के साथ भूदेव मोबाइल ऐप उपयोगकर्ताओं को मोबाइल पर परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज भी प्राप्त होगी। आमजन से ऐप का अपडेटेड वर्जन रखने और लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए चालू रखने की अपील की गई है, ताकि वास्तविक भूकम्प की स्थिति में चेतावनी समय पर मिल सके।
यूएसडीएमए ने अपील की है कि 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सायरन सुनकर घबराएं नहीं। लोगों को सायरन की आवाज पहचानने, परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी देने और भूकम्प के दौरान सुरक्षित व्यवहार की जानकारी रखने की सलाह दी गई है।