महिला कर्मचारियों से अभद्रता व धमकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी हिरासत में

खबरें शेयर करें

सितारगंज। ग्राम धोहरा में ‘डिजिटल क्रॉप सर्वे’ के दौरान महिला कर्मचारियों से अभद्रता, रास्ता रोकने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के मामले में सितारगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने लाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर हुई कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएस के तहत नोटिस तामील कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 06 अक्टूबर 2026 को उद्यान विभाग की महिला कर्मचारी ग्राम धोहरा में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत सरकारी कार्य कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे चार युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने महिला कर्मचारियों का रास्ता रोकते हुए उनकी स्कूटी को घेर लिया तथा चाबी और मोबाइल फोन लेने का प्रयास किया। घटना की वीडियो बनाने पर गाली-गलौज एवं धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़ित महिला कर्मचारी की तहरीर पर थाना सितारगंज में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने लाया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार की तथा परिजनों की मौजूदगी में महिला कर्मचारियों से माफी मांगी। आरोपियों को भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न करने की कड़ी हिदायत देते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।