
पंतनगर। मानव तस्करी जैसे गंभीर एवं संगठित अपराध की रोकथाम, नियंत्रण एवं उन्मूलन को लेकर 9 अक्टूबर को पंतनगर विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में राज्यस्तरीय सेमिनार/कांफ्रेंस आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर 8 अक्टूबर को IG कुमाऊँ निवेदिता कुकरेती एवं SSP ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। IG कुमाऊँ ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा अतिथियों एवं प्रतिभागियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
SSP अजय गणपति ने भी सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
मानव तस्करी के खिलाफ बनेगी प्रभावी रणनीति
राज्यस्तरीय सेमिनार में मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण एवं पुनर्वास, संगठित तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई तथा विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर मंथन होगा।
कार्यक्रम में मानव तस्करी के बदलते स्वरूप, मौजूदा चुनौतियों, प्रभावी पुलिसिंग और जनजागरूकता जैसे विषयों पर विशेषज्ञ एवं संबंधित अधिकारी अपने विचार साझा करेंगे।
अधिकारियों ने आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि मानव तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में यह राज्यस्तरीय मंथन महत्वपूर्ण पहल होगा।


