फर्जी पहचान और AI से छवि धूमिल करने का आरोप, ठुकराल बोले- शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, हाईकोर्ट में मांगेंगे पुलिस से जवाब

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी पहचान बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उनके विरुद्ध दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फर्जी चित्रों के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। ठुकराल ने बताया कि इस संबंध में वह एसएसपी, एसपी, सीओ, एलआईयू और साइबर अपराध कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मीडिया से बातचीत में ठुकराल ने कहा कि संदीप सिंह और बिट्टू ठुकराल नाम से बनाई गई कथित फर्जी पहचान के माध्यम से एआई से उनके फर्जी चित्र तैयार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक चित्र में उन्हें गोल टोपी पहने हुए दिखाया गया, जबकि दूसरे में आरकेटी लिखा डंपर प्रदर्शित किया गया। ठुकराल ने कहा कि इन चित्रों के जरिए समाज में उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

पूर्व विधायक ने कहा कि वह समाज में सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और स्वयं को सनातन धर्म में आस्था रखने वाला सच्चा हिंदू मानते हैं। उन्होंने कहा कि लंबा समय बीतने के बावजूद शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से उन्हें न्याय नहीं मिला है। अब वह उच्च न्यायालय में अपनी बात रखकर संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।

ठुकराल ने एआई तकनीक के दुरुपयोग को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति की छवि खराब करने और उसे मानसिक रूप से परेशान करने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग एआई के माध्यम से लोगों को नुकसान पहुंचाने अथवा आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसी परिस्थितियां पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए कई देशों में इसके नियमन को लेकर गंभीरता से कदम उठाए जा रहे हैं।

राजनीतिक घटनाक्रम पर भी रखी बात

ठुकराल ने कहा कि एआई से तैयार कुछ चित्रों में उन्हें कुर्सी के साथ दिखाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में भी उनके राजनीतिक भविष्य को समाप्त करने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्होंने भाजपा के साथ विश्वासघात नहीं किया। उनके पास कांग्रेस का टिकट था, लेकिन उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ा।

पूर्व विधायक ने नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान भी उनके साथ धोखा किया गया। उन्होंने कहा कि यदि वह और उनके भाई संजय ठुकराल नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा के समर्थन में सामने नहीं आते तो विकास शर्मा आज महापौर नहीं होते।

महंगाई पर सरकार को घेरा

ठुकराल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शासन में महंगाई काफी बढ़ गई है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि किच्छा और सिरौलीकलां में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर पार्टी उन्हें जो आदेश देगी, वह उसका पालन करेंगे।