
पंतनगर। पंतनगर हवाई अड्डे पर बुधवार, 9 सितंबर 2026 को विमान अपहरण जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एंटी-हाइजैकिंग मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था तथा निर्धारित दायित्वों के निर्वहन की समीक्षा करना था।
अभ्यास के दौरान विमान अपहरण की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न कर Full Emergency घोषित की गई। सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियों की टीमें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मौके पर पहुंचीं और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

मॉक एक्सरसाइज में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), जिला प्रशासन/डीडीएमए, राज्य पुलिस, आसूचना ब्यूरो (IB), स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), स्थानीय थाना पुलिस, फायर सर्विस, जिला अस्पताल तथा जी.बी. पंत विश्वविद्यालय की मेडिकल टीमों ने भाग लिया। इसके अलावा Negotiator एवं भाषाविद् टीम, मनोचिकित्सक तथा अन्य विशेषज्ञों और संबंधित कार्मिकों ने भी सहभागिता की।
अभ्यास के दौरान सभी टीमों ने निर्धारित Standard Operating Procedures (SOPs) के अनुसार कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने, यात्रियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।
इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरपोर्ट सिक्योरिटी, ऑपरेशनल टीम, एयरलाइंस एवं ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के बीच आपातकालीन समन्वय और प्रतिक्रिया व्यवस्था का परीक्षण किया गया। अभ्यास के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।
यह मॉक एक्सरसाइज विमान अपहरण जैसी गंभीर परिस्थितियों से निपटने के लिए पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को परखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभ्यास रहा।



