
रुद्रपुर। लालपुर स्थित आयुषमान आरोग्य मंदिर (आयुष) केंद्र का बुधवार को उत्तराखंड आयुष विभाग के अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों तथा स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव ने निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज की समुचित जांच कर गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी मरीजों का विवरण नियमित रूप से रजिस्टर में दर्ज किया जाए तथा उपचार के बाद उनसे फीडबैक भी लिया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का लगातार मूल्यांकन किया जा सके।

उन्होंने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देशित किया कि आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र की सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को केंद्र में उपलब्ध नियमित उपचार एवं आयुष सेवाओं की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, तहसीलदार किच्छा गिरीश चन्द्र त्रिपाठी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी तथा अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



