किच्छा में प्रस्तावित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा (AIIA) के लिए भूमि का निरीक्षण, अपर सचिव ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। उत्तराखंड आयुष विभाग के अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे ने बुधवार को किच्छा स्थित सेटेलाइट एम्स के निकट प्रस्तावित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा (AIIA) के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत विवरण शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अपर सचिव ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि चिन्हित भूमि से राष्ट्रीय राजमार्ग, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन की दूरी सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करें। वहीं विद्युत विभाग को वर्तमान विद्युत उपलब्धता तथा भविष्य में विद्युत उपकेंद्र (सब स्टेशन) स्थापित करने की संभावनाओं पर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को क्षेत्र की वर्तमान जनसंख्या, ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) निस्तारण व्यवस्था तथा भविष्य की कार्ययोजना का विस्तृत विवरण शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया।

स्थलीय निरीक्षण से पूर्व जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर सचिव ने भूमि, पेयजल, ड्रेनेज, क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थानों सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को सभी बिंदुओं को समाहित करते हुए समग्र रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक एवं निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेन्द्र सिंह, तहसीलदार किच्छा गिरीश चन्द्र त्रिपाठी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी तथा अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।