सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो का SSP ने लिया संज्ञान, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

खटीमा। कोतवाली खटीमा क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांका और कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे इस्लामनगर निवासी सद्दाम के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि मोहल्ले में नशा करने का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए बांका और कुल्हाड़ी से हमला किया। घटना में सद्दाम के सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

मामले में घायल के भाई दिलशाद की तहरीर पर 30 सितंबर को कोतवाली खटीमा में मुकदमा संख्या 300/2026 दर्ज किया गया। प्रकरण में धारा 109, 351(2), 352 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद खटीमा पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश और सुरागरसी-पतारसी शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कुनाल मार्केट के पीछे खाली मैदान के पास से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 1 अक्टूबर को घटना में प्रयुक्त बांका और कुल्हाड़ी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी:

  • फरमान पुत्र पप्पू, निवासी इस्लामनगर, खटीमा
  • साहिल पुत्र पप्पू, निवासी इस्लामनगर, खटीमा
  • आदिल पुत्र पप्पू, निवासी इस्लामनगर, खटीमा

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक विजय बोहरा, कांस्टेबल मोहन बोरा, नरेंद्र टम्टा और देवेंद्र सिरोला शामिल रहे।