किच्छा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन कथित अवैध क्लीनिक सील

खबरें शेयर करें

किच्छा। बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक चिकित्सा दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने किच्छा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर विभागीय टीम ने किच्छा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर तीन क्लीनिकों को सील किया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, क्षेत्र में बिना पंजीकरण और निर्धारित चिकित्सा योग्यता के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए CMO डॉ. गोस्वामी ने नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने निरीक्षण के दौरान बालाजी डेंटल क्लीनिक, जगदंबा क्लीनिक और बंडिया स्थित संजीवनी क्लीनिक की जांच की। विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान संबंधित क्लीनिकों में वैध पंजीकरण अथवा आवश्यक चिकित्सा योग्यता से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

विभाग के अनुसार, बालाजी डेंटल क्लीनिक में निरीक्षण के समय अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था और पंजीकरण संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं जगदंबा क्लीनिक में अनिल शर्मा द्वारा उपचार किए जाने की बात सामने आई, जबकि विभाग के अनुसार उनके पास वैध मेडिकल डिग्री नहीं मिली। इसी तरह संजीवनी क्लीनिक, बंडिया की जांच में भी पंजीकरण और चिकित्सा योग्यता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए।

इन अनियमितताओं के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों क्लीनिकों को सील कर दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना वैध पंजीकरण अथवा आवश्यक योग्यता के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग आने वाले दिनों में ऐसे संस्थानों के खिलाफ अभियान को और तेज करेगा।