
रुद्रपुर। किच्छा नगर पालिका चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ हुई हाथापाई और थप्पड़ मारने के आरोप के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संजय नगर खेड़ा वार्ड नंबर-11 में भाजपा सरकार का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना पर आक्रोश जताया और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की घटना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि किच्छा में मतदान के बाद नई मंडी स्थित स्ट्रांग रूम परिसर में विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए थे। इसी दौरान बेहड़ के साथ हाथापाई और थप्पड़ मारने का आरोप लगा था। पुलिस ने मामले में आरोपी धीरज कुमार को गिरफ्तार किया है।
प्रदर्शन में संजय ठुकराल, पूर्व पार्षद विकास मलिक, रणजीत तिवारी, असित बाला, तपन विश्वास, मानिक, जय तरफदार, जगदीश दास, अभिमन्यु साना, परिमल विश्वास, अजीत सिंह, साधन मजूमदार, डॉ. आदित्य राय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




