
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 2.187 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से यामाहा R-15 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹1100 नकद भी बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन बारिश के कारण बाइक फिसल गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 2 किलो 187 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह अफीम मुजफ्फरनगर से लेकर आए थे और आगे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं। उन्होंने आमजन से भी नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।



