किच्छा में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, बिना पंजीकरण चल रहे 5 क्लीनिकों पर छापा; मचा हड़कंप

खबरें शेयर करें

ऊधमसिंह नगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किच्छा क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे क्लीनिकों के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया। नैदानिक स्थापन अधिनियम के तहत हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता की टीम ने किया।

निरीक्षण के दौरान गुप्ता डेंटल केयर, गुरुकृपा क्लीनिक, अर्चना क्लीनिक, राहुल क्लीनिक और मित्रा क्लीनिक में वैध पंजीकरण नहीं पाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बिना वैध पंजीकरण चिकित्सा सेवाओं का संचालन नियमों के विरुद्ध है।

नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि पांचों संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

सीएमओ डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के विपरीत संचालित क्लीनिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती के संकेत दिए हैं।