विक्रांत उर्फ बागी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 और आरोपी गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी संरक्षण में, अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। किच्छा क्षेत्र के महराया रोड, लालपुर में हुए चर्चित विक्रांत उर्फ बागी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 की शाम करीब छह बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि महराया रोड, लालपुर में कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायल विक्रांत उर्फ बागी को पहले अमृत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के संबंध में 26 जून को कंचन पत्नी विकास निवासी हरि मंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर की तहरीर पर कोतवाली किच्छा में एफआईआर संख्या 228/2026 दर्ज की गई। प्रारंभिक धाराओं के साथ मुकदमा दर्ज होने के बाद विक्रांत की मृत्यु होने पर हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 जून को आरोपी वरुण कुमार निवासी रामेश्वरपुर तथा सुशील निवासी शिमला पिस्तौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर वर्तमान में उपचाराधीन बताया गया है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए 27 जून को पुलिस ने घटना में शामिल दीपक पुत्र श्यामलाल निवासी खमरिया रोड, लालपुर तथा विजय प्रताप पुत्र राम प्रसाद निवासी बाबू राम गली, रामेश्वरपुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

दीपक पुत्र श्यामलाल, निवासी खमरिया रोड, लालपुर, थाना किच्छा।

विजय प्रताप पुत्र राम प्रसाद, निवासी बाबू राम गली, रामेश्वरपुर, थाना किच्छा।

दो बाल अपचारी (संरक्षण में)।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक दीपक जोशी, उपनिरीक्षक पवन जोशी, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक संतोष उप्रेती, अपर उपनिरीक्षक जगदीश महेरा, हेड कांस्टेबल प्रभात चौधरी, कांस्टेबल दीपक बोरा एवं कांस्टेबल त्रिलोक सिंह ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।