रुद्रपुर में बाल संरक्षण जागरूकता अभियान, छात्राओं को बताए गए बाल अधिकार और हेल्पलाइन सेवाओं के महत्व

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी के निर्देशानुसार बुधवार को सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज, रुद्रपुर में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों पर केंद्रित व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, पुलिस विभाग (एएचटीयू), चिकित्सा विभाग, बाल विकास विभाग तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, पोक्सो अधिनियम, मानव तस्करी की रोकथाम तथा विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के साथ-साथ उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य पर गंभीर एवं दीर्घकालिक प्रतिकूल प्रभाव डालता है। छात्राओं से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता लेने में संकोच न करें।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाना तथा बाल संरक्षण से जुड़ी सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।