
रुद्रपुर। श्री अग्रवाल महिला समिति की नव निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती ऊषा अग्रवाल को भाजपा नेता एवं एडवोकेट प्रमोद मित्तल ने उनके निवास पर पहुंचकर अपने साथियों के साथ अंगवस्त्र पहनाकर एवं पुष्प भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रमोद मित्तल ने कहा कि श्रीमती ऊषा अग्रवाल एक सक्रिय, कर्मठ एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व हैं। उनके नेतृत्व में अग्रवाल महिला समिति नई ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगी।
प्रमोद मित्तल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग की महिलाओं तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और अग्रवाल महिला समिति जैसी संस्थाएं इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं। श्रीमती ऊषा अग्रवाल के नेतृत्व में यह संगठन समाज के विभिन्न वर्गों के हित में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
श्रीमती ऊषा अग्रवाल ने भाजपा नेता प्रमोद मित्तल एवं उनके साथ आए सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी तथा समिति के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएंगी।
सम्मान करने वालों में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कुशल अग्रवाल, जिलाध्यक्ष अमित जैन, अधिवक्ता एसोसिएशन रुद्रपुर के सचिव एडवोकेट मनीष मित्तल, एडवोकेट पूजा मित्तल, निखिल चंडोक, डॉक्टर गौरव अग्रवाल, अमित मित्तल, नितिन अग्रवाल सहित तमाम सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान सभी ने श्रीमती ऊषा अग्रवाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।



