
रुद्रपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन रविवार को उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। काशीपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित शिविर के दूसरे दिन छह महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें व्यावहारिक प्रशिक्षण, स्थायी कार्यक्रम एवं बूथ प्रबंधन, “मन की बात”, सोशल मीडिया प्रबंधन तथा केंद्र एवं राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण शिविर के द्वितीय दिवस में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी. एल. संतोष की विशेष उपस्थिति रही। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में पूरे दिन उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। अंतिम सत्र में उन्होंने “विचार परिवार” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार और संस्कारों का परिवार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना, अनुशासन और सेवा भाव के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, राज्यसभा सांसद अजय पाल मौर्य, जिला अध्यक्ष कमल जिंदल सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में सभी व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।




