
रुद्रपुर। जनपद में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में रुद्रपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए तलवारबाजी के वीडियो के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 को चौकी रम्पुरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक तलवार लहराते हुए मोहल्ले में दहशत फैलाता नजर आया। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो वार्ड नंबर-23 रम्पुरा का था, जहां आरोपी युवक ने एक परिवार के साथ विवाद और मारपीट के दौरान तलवार लेकर लोगों को दौड़ाया था। घटना के बाद आरोपी क्षेत्र में दहशत फैलाकर फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया।
शिकायतकर्ता राम सेवक निवासी वार्ड नंबर-23 रम्पुरा की तहरीर के आधार पर रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई।
18 मई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी ब्लॉक रोड क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी पंकज कोली उर्फ कल्लू उर्फ खरगोश (19 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-23 रम्पुरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तलवार भी बरामद की गई।
पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस द्वारा उसके खिलाफ अन्य आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, हथियारों के बल पर दहशत फैलाने और आम जनता में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



