
रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को रुद्रपुर के शिव मंदिर 84 घंटा, रम्पुरा में उपवास रखकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या के राम मंदिर तथा उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी एवं अनियमितताओं को लेकर भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि राम मंदिर, बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। इन धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और सोने की कथित चोरी व अनियमितताओं के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे।
उपवास कार्यक्रम में आनंद शर्मा, सियाराम कोली, ज्योति टम्टा, उमा सरकार, बेबी सिकदार, सुनील चुग, पार्षद शुभम दास, आशीष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



