परशुराम चौक का बंद कट खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। विशाल मेगा मार्ट के सामने परशुराम चौक स्थित नैनीताल हाईवे के बंद कट को दोबारा खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के पार्षदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रभारी कलेक्ट्रेट ऋचा सिंह के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि कट बंद होने से रविन्द्र नगर, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, पुलिस लाइन समेत आसपास की कई कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों को शहर और सिविल लाइन की ओर आने-जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जबकि कई लोग मजबूरी में जोखिम उठाकर हाईवे पार कर रहे हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि प्रतिदिन लगभग दस हजार लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कट बंद होने के बाद दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है और हाल ही में हुई एक महिला की मौत ने लोगों की चिंताओं को और गंभीर कर दिया है।

कांग्रेसजनों ने कहा कि पूर्व में यह कट खुला होने से लोगों को आवागमन में सुविधा रहती थी, लेकिन बंद होने के बाद जनसमस्याएं बढ़ गई हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परशुराम चौक स्थित कट को जल्द पुनः खुलवाने की मांग की।

इस दौरान इंद्रजीत सिंह, गौरव खुराना, राजेन्द्र मिश्रा, मोहन खेड़ा, मोहन कुमार, गौरव गिरी, सेवाराम दिवाकर, गौरव गांधी, सौरभ शर्मा, बाबू खान, राकेश कोली, विजय पुजारा, अर्जुन विश्वास, मोनिका ढाली, सरोज शर्मा, रोहित चौहान, विकास मल्लिक, विक्की विर्क, कमल चुघ और आनंद विश्नोई सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।