कैंची धाम मेले की तैयारियों पर एसएसपी की समीक्षा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए कड़े निर्देश

खबरें शेयर करें
हल्द्वानी। आगामी 15 जून 2026 को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव मेला एवं भंडारा कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने 10 जून की रात्रि कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि जहां वाहनों का डायवर्जन अथवा रोकथाम की जानी है, वहां पर्याप्त स्लाइड बैरियर, संकेतक बोर्ड और सूचना पट्ट लगाए जाएं। अग्निशमन विभाग, एटीएस, बम निरोधक दस्ता एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। मेला क्षेत्र और संपर्क मार्गों से अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग समाप्त करने तथा यातायात बाधित करने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।
मेले में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और यातायात कर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली से निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए। प्रमुख पार्किंग स्थलों, शटल सेवा केंद्रों और चौराहों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, फायर सर्विस और आपदा राहत दलों के साथ समन्वय बनाकर आपातकालीन कार्ययोजना तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भौतिक और वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।